जिला स्तरीय समाधान शिविर में उपायुक्त ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय समाधान शिविर लगाया गया। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), राशन कार्ड, बिजली, पुलिस और अवैध अतिक्रमण समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं।
बृहस्पतिवार को समाधान शिविर में पहुंचीं महिला प्रीति ने बताया कि उसके पति तरुण जिंदा हैं, लेकिन परिवार पहचान पत्र में उन्हें मृत दर्ज किया गया है। रिकॉर्ड में हुई इस गलती को ठीक कराने के लिए दंपती करीब छह महीने से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। तरुण अपने जिंदा होने का प्रमाण देकर रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को दंपती शिविर में अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार किया। जब नंबर आया, तब तक शिविर का समय समाप्त हो चुका था। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें 11 नंबर कमरे में जाने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर काउंटर खाली मिला। काफी इंतजार के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई और दंपती को बिना समाधान के वापस लौटना पड़ा।
किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े मामलों में गड़बड़ी का आरोप
बल्लभगढ़ निवासी गिरिराज सिंह ने किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े मामलों में कथित गबन और गलत वसूली की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में करीब 170 किसान प्रभावित हैं। वर्ष 2019 से शिकायतें देने के बावजूद उन्हें अब तक कार्रवाई का इंतजार है। वह पिछले कई महीने से समाधान शिविर में अपनी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। पहले अधिकारियों की ओर से हस्ताक्षरों की जांच कराने की बात कही गई थी। जांच के दौरान हस्ताक्षर उनके नहीं पाए गए, लेकिन इसके बाद भी मामले में आगे कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि मामले में अकेले उन्हें ही परेशानी नहीं हुई, बल्कि कई अन्य किसान भी इससे जुड़े हैं।
आय अधिक होने के कारण राशन बंद होने की शिकायत
गांधी कॉलोनी निवासी गायत्री ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्ज होने के कारण राशन बंद हो गया है। इस समस्या को लेकर वह कई दिनों से समाधान शिविर के चक्कर लगा रही है, लेकिन समाधान के नाम पर केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
परिवार पहचान पत्र में बच्चों के नाम जुड़ने से हरीराम को मिली राहत
परिवार पहचान पत्र में छोटे भाई के बच्चों के नाम दर्ज नहीं होने की शिकायत लेकर हरीराम समाधान शिविर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के सामने समस्या रखी। उपायुक्त के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए बच्चों के नाम फैमिली आईडी में दर्ज करा दिए। समस्या का समाधान होने पर हरीराम ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार का आभार जताया।