सेक्टर-2 मार्केट में रुपये लेते युवती और मंगेतर को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे थे 10 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ पुलिस ने युवक को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाली युवती और उसके मंगेतर को गिरफ्तार किया है। 26 मई को सेक्टर-2 मार्केट में आरोपी कार्तिक और युवती को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ काबू किया गया। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
अहिरवाड़ा बल्लभगढ़ निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार पीड़ित ने शिकायत में बताया कि जून 2023 में एक युवती ने सेक्टर-75 स्थित उसके कार्यालय में टैली की ट्रेनिंग शुरू की थी। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में दोनों सहमति संबंध में रहने लगे। मार्च 2026 में युवती ने बताया कि उसकी शादी कार्तिक नाम के युवक से तय हो गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार 18 मई को युवती और कार्तिक उसके कार्यालय पहुंचे, जहां कार्तिक ने मारपीट और गाली गलौज की। आरोप है कि दोनों ने शिकायतकर्ता के कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसके बाद वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर 10 लाख रुपये मांगे गए। साथ ही 25 मई तक दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। शिकायत मिलने पर थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने जाल बिछाया।