फरीदाबाद केआईएमटी क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनका 11 साल के बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग पैदल ऑटो स्टैंड की तरफ जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के निवासी काशीराम (44) अपनी पत्नी अंगूरी (39) और 16 वर्षीय बेटे विशाल के साथ अभी आईएमटी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते थे। मृतक काशीराम के साले घनश्याम ने बताया कि काशीराम अपनी पत्नी और बेटे के साथ अपने गांव जाने के लिए निकले थे। उन्हें बल्लभगढ़ बस स्टैंड से बस पकड़नी थी। घनश्याम तीनों के साथ उन्हें ऑटो स्टैंड तक छोड़ने के लिए जा रहे थे, ताकि वह वहां से ऑटो लेकर बस स्टैंड पहुंच सकें।
सभी लोग सुबह करीब 4:30 बजे घर से पैदल ही आईएमटी चौक की तरफ जा रहे थे। जब वह हाईवे की तरफ पहुंचे, तभी पीछे से कंटेनर ट्रक ने काशीराम, उनकी पत्नी और बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल ले जाने के बाद दोनों ने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।