सेक्टर-87 स्थित वशिष्ठ हाइट्स सोसाइटी में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-87 स्थित वशिष्ठ हाइट्स सोसाइटी में एक मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक दंपती ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी युवक के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं। थाना खेड़ीपुल पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसायटी के ए-ब्लॉक निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि सात अप्रैल को उनके सामने वाले फ्लैट में रहने वाले किरायेदार यश मनोचा और उनकी पत्नी वनीता मनोचा आपस में झगड़ रहे थे। शोर सुनकर दिनेश बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन दंपती उन्हीं से उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे। पड़ोसियों के कहने पर दिनेश अपने फ्लैट के अंदर चले गए, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। वनीता ने उन्हें बाहर से लोग बुलाकर सबक सिखाने की धमकी दी।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद यश, वनीता और उनके 3-4 अज्ञात साथियों ने दिनेश के फ्लैट का दरवाजा जबरन खुलवाया और अंदर घुसकर हमला कर दिया। आरोपी उन्हें घसीटते हुए बाहर ले गए और मारपीट की। अन्य पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर दिनेश को छुड़ाया। जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना में दिनेश को शरीर पर छह जगह चोटें आई हैं, जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने दंपती और उनके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अन्य हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।