संवाद न्यूज एजेंसी।
तावडू। जिले में एक ऐसे ठग गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसने सोने चांदी के आभूषण बनाने के नाम पर चार गांवों के ग्रामीणों से पहले करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। फिर सारी रकम लेकर रात के समय में परिवार समेत फरार हो गया। अपने साथ ठगी का एहसास होने पर लोग अपनी-अपनी शिकायत लेकर संबंधित पुलिस थाने पहुंच रहे हैं। यह मामला तावडू उपमंडल के गांव राठीवास से सामने आया है, जहां पर ठग परिवार पिछले करीब बीस साल से एक किराये के मकान में रह रहा था। दावा है कि ठग गिरोह ने गांव राठीवास के अलावा खोरी खुर्द, खोरी कला, रंगाला और भिवाड़ी क्षेत्र के लोगों से सोने चांदी के आभूषण बनाने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की राशि ली है।
गांव राठीवास की निवासी गीता ने बताया कि करीब 20 साल से धर्मेंद्र सुनार परिवार समेत किराये के मकान में रह रहा था। उसने मकान से सटी हुई एक दुकान किराये पर लेकर सोने चांदी के आभूषण बनाने का काम शुरू किया। ग्रामीणों के मुताबिक धर्मेंद्र की पत्नी शकुंतला ने ग्रामीणों से लेनदेन कर पहले विश्वास कायम किया। इसी प्रकार धर्मेंद्र ने नजदीकी गांव खोरी कला में भी एक ज्वेलरी शॉप खोली हुई थी। दोनों आभूषण बनाने के नाम पर लोगों से पैसे लेते थे। पीड़ितों का दावा है कि धर्मेंद्र ने गांव खोरी कला, रंगाला, खोरी खुर्द और भिवाड़ी के करीब 20 से अधिक परिवारों से भारी भरकम रकम ली है। जबकि गांव राठीवास में पत्नी शकुंतला की मदद से करीब दो दर्जन से अधिक परिवारों से रकम ली हुई थी। इस तरह चार गांव के लोगों से करीब एक करोड़ रुपये की राशि लेकर धर्मेंद्र सुनार परिवार समेत बीते 21-22 जून को फरार हो गया। राठीवास की रहने वाली विधवा गीता ने बताया कि उन्होंने बच्चों की शादी में आभूषण बनवाने के लिए पांच लाख रुपये धर्मेंद्र को दिए थे। इसी तरह सुनीता ने एक लाख रुपये नगद तो नरेंद्र ने एक लाख 70 हजार रुपये दिए थे। उन्होंने बताया कि शकुंतला ने स्वयं सहायता समूह से भी करीब दो लाख रुपये का लोन लिया था। पीड़ितों के मुताबिक बीते 22 जनवरी की रात आरोपी धर्मेंद्र पत्नी व दो बच्चों के साथ ग्रामीणों को बगैर सूचना दिए फरार हो गए। सभी ने मोबाइल नंबरों पर संपर्क का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद लोगों को ठगी का एहसास होने लगा। पीड़ितों का दावा है कि अपने स्तर पर जांच पड़ताल में उन्हें पता चला है कि ठग गिरोह का सोनीपत जिले से संपर्क है। वहीं खोरी पुलिस चौकी में तैनात कैलाश का कहना है कि गांव राठीवास की कुछ महिलाओं से अलग-अलग शिकायत मिली हैं। संबंधित मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।
फोटो:- राठीवास में ठगी की शिकार हुई पीड़ित महिलाएं।