- डीसी आयुष सिन्हा बोले- बीएलओ की प्रगति की होगी रोज समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को लेकर सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार और हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को मिशन मोड में चलाने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान निर्वाचन आयोग ने मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और सत्यापन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में अभियान को पूरा करने के लिए वितरण और सत्यापन दोनों कार्यों में तेजी लाना जरूरी है।
बीएलओ की दैनिक प्रगति पर रहेगी नजर
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन लक्ष्य तय कर काम करें। उन्होंने कहा कि जिन बीएलओ की प्रगति संतोषजनक नहीं है या जिन्होंने अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है, उनकी व्यक्तिगत समीक्षा की जाएगी।
हर दो घंटे में होगी मॉनिटरिंग
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्वाचन विभाग के डैशबोर्ड का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रगति की हर दो घंटे में समीक्षा की जाए और फील्ड में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों के कर्मचारियों की भी सहायता ली जाएगी।