संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम बिजली चोरी को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। बिजली निगम द्वारा चारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निगम ने अप्रैल से लेकर अब तक करोड़ों रुपये की चोरी पकड़ी है। बिजली चोरी के सबसे ज्यादा मामले ग्रेटर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से सामने आ रहे हैं।
फरीदाबाद सर्कल के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि बिजली चोरी रोकने को लेकर विभाग सख्ती बरत रहा है। निगम के कर्मचारी समय-समय पर क्षेत्र का निरीक्षण करने जाते हैं। उन्होंने कहा कि सर्कल में हर महीने करोड़ों रुपये की बिजली चोरी पकड़ी जा रही है। बिजली चोरी के मामलों में व्यवसायिक और घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। बता दें कि शहर के ग्रेटर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र में बिजली चोरी निगम के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। बिजली चोरी रोकने के लिए आमजन भी बिजली निगम की मदद कर सकते हैं। वे बिजली चोरी की सूचना विभाग को दे सकते हैं।