फरीदाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना की लड़ाई में फरीदाबाद जिला ने बेहतर कार्य किया है। इस समय फरीदाबाद का डबलिंग रेट 59 दिन पर पहुंच गया है, जोकि काफी अच्छा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों में कमी लाने के लिए टेस्टिंग अधिक से अधिक की जाएं तथा प्लाज्मा थेरेपी से जितना संभव हो इलाज किया जाए। मुख्यमंत्री शनिवार को मैगपाई में कोविड-19 के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना के लिए जिले के हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित किए जाए और उनमें जरूरी एसओपी लागू की जाए। ऑक्सीजन बेड की संख्या पूरी रहनी चाहिए और मरीजों को ऑक्सीजन भी जल्द उपलब्ध करवाई जाए। इसी प्रकार लोगों में जागरूकता लाने के लिए अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। पुलिस विभाग जागरूकता लाने के लिए मास्क न प्रयोग करने वाले लोगों को मास्क व फूल वितरित कर उन्हें अहसास करवाए कि मास्क उनके व उनके परिवार के स्वास्थ्य के लिए बहुत आवश्यक है। अगर बिना मास्क के किसी व्यक्ति का चालान काटा जाता है तो उसे पांच मास्क अवश्य उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त यशपाल यादव ने बताया कि जिले में चार बार डोर टू डोर सर्वे करवाया गया है। इसका फायदा यह हुआ कि जहां भी संदिग्ध मरीज मिला, उसका समय पर इलाज किया गया। स्वास्थ्य विभाग, ईएसआई, स्मार्ट सिटी व नगर निगम साथ मिलकर काम कर रहा है। इस समय जिला में रिकवरी दर 89 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जिले में प्रतिदिन दो से ढाई हजार तक औसतन टेस्टिंग की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा चार मोबाइल वैन से भी विभिन्न क्षेत्रों में टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। कोरोना मरीजों की मनोवैज्ञानिक द्वारा काउंसिलिंग भी की जा रही है ताकि उनमें बीमारी के प्रति कोई भय न रहे। शहर की 20 बड़ी कालोनियों में इस समय डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है। बैठक में केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद की महापौर सुमन बाला, बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा, फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, फरीदाबाद के मंडलायुक्त संजय जून, पुलिस आयुक्त ओपी सिंह, नगर निगम आयुक्त यश गर्ग, स्मार्ट सिटी फरीदाबाद की सीईओ. गरिमा मित्तल, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक प्रदीप दहिया, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, एसडीएम बल्लभगढ़ बैलीना, एसडीएम फरीदाबाद जितेंद्र कुमार, एसडीएम बड़खल पंकज सेतिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरएस पुनिया आदि मौजूद रहे।