फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में प्रतिदिन कमी आ रही है। वहीं, नमूने लेने पर लगातार जोर है। जिले में प्रत्येक 10 में से 5 लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रति एक लाख की आबादी पर 50,449 लोगों के नमूने लिए जा रहे हैं। अभी तक जिले में 9 लाख से अधिक सैंपलिंग हो चुकी है। ऐसे में कोरोना के नए मामलों पर भी लगाम लगाने में मदद मिल रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने नमूने बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान हर दिन दस हजार लोगों की सैंपलिंग का लक्ष्य रखा गया। मौजूदा समय में प्रतिदिन औसतन तीन हजार के करीब सैंपलिंग ही जा रही है। विभाग की ओर से 23 जून तक 9 लाख 8 हजार 90 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर रैपिड एंटीजन टेस्ट भी किए जा रहे हैं। जिले में कोरोना संक्रमण कम हुआ है।
अभी भी सतर्क रहने की जरूरत
सीएमओ ने बताया कि हालांकि कोरोना के मामलों में कमी आ रही है, लेकिन अभी संक्रमण कम नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। कोविड की नई लहर की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ सकती है।