फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। मंगलवार को जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 105 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई, वहीं 236 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस दौरान एक संक्रमित की मौत हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 709 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में 827 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 497 अस्पतालों में और 330 होम आइसोलेशन में हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 204 संक्रमित विभिन्न अस्पतालों के आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर उपचाराधीन हैं। वहीं 40 संक्रमित वेंटिलेटर पर हैं। जिले का रिकवरी रेट 98.4 फीसदी बना हुआ है। मामलों को दोगुने होने की दर अब 943 दिन हो चुकी है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि मंगलवार को 4553 सैंपल लिए गए। इनमें से 1743 की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं अभी तक 848933 सैंपल लिए जा चुके हैं।
दो दिन में 550 की जांच, कोई संक्रमित नहीं
बल्लभगढ़। शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुए करीब 650 लोगों की जांच में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। डॉ. मान सिंह ने बताया कि सोमवार को 114 रैपिड और 111 आरटीपीसीआर जांच की गईं। इसी प्रकार मंगलवार को 325 जांच की गईं जिसमें 164 आरटीपीसीआर और161 रैपिड जांच हुईं। जिसमें राहत की बात यह रही कि एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। संवाद