एचएसएएमबी कार्यालय परिसर में हुई वारदात, स्टाफ ने बीच-बचाव कर बचाई पीड़ित की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) के कार्यालय में बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर एक ठेकेदार पर जानलेवा हमला करने और उसे जबरन अगवा करने की कोशिश की गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुख्य आरोपी मुन्फैद खान और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित सोयब अख्तर निवासी मठेपुर ,पलवल ने बताया कि वह सरकारी विभागों में सड़क और बिल्डिंग बनाने का ठेका लेते हैं। साल 2023 में उन्होंने नूंह निवासी मुन्फैद खान के साथ मिलकर रोड निर्माण का कार्य किया था। कार्य पूर्ण होने पर हिसाब के दौरान मुन्फैद खान की तरफ सोयब के लगभग 21 लाख रुपये बकाया निकले थे। बार-बार मांगने के बावजूद मुन्फैद पैसे देने में टालमटोल कर रहा था और उसने पीड़ित का नंबर भी ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था।
घटना 13 अप्रैल 2026 की दोपहर की है, जब सोयब किसी निजी कार्य से सेक्टर-16 स्थित एचएसएएमबी दफ्तर गए थे। वहां मुन्फैद खान से आमना-सामना होने पर जब सोयब ने पैसे मांगे, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। कुछ ही देर में मुन्फैद के बुलाने पर दो गाड़ियों में मुबारिक, मुरसलीम और 6-7 अन्य हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने सोयब पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया और उसे जबरन गाड़ी में डालकर अगवा करने की कोशिश की।
पीड़ित के शोर मचाने पर दफ्तर का पूरा स्टाफ बाहर आ गया, जिन्हें देखकर बदमाश सोयब को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हमले में सोयब को सिर, कंधे और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज बादशाह खान अस्पताल और नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। थाना सेक्टर-17 पुलिस ने 15 अप्रैल की रात को इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।