एम्स की ओर से पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर नई बिल्डिंग बनाई जा रही है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान (एम्स) की ओर से पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर नई बिल्डिंग बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। अस्पताल का नया भवन अप्रैल-2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। जिसके बाद मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
एम्स ने बल्लभगढ़ में 1965 में व्यापक ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत एक 50 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाया था। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना था। जिसमें 24 घंटे आपातकालीन और प्रसूति सुविधाएं, चिकित्सा, सर्जरी, बाल रोग, स्त्री रोग और अन्य विशेषज्ञ सेवाएं शामिल थीं। अब पुरानी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। जिसके चलते पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर नया भवन 18 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।
गांव में भी बन रहा है अस्पताल
एम्स की ओर से गांव फतेहपुर बिल्लौच में भी करीब बीस करोड़ रुपये की लागत से 20 बेड की सीएचसी का निर्माण किया जा रहा है। भविष्य में इस सीएचसी को 30 बेड का बनाया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत ने 6.5 एकड़ भूमि दी है। गांव फतेहपुर बिल्लौच की सरपंच सरोज सैनी ने बताया कि विभाग की ओर से ग्राउंड फ्लोर बनकर तैयार हो गया है। बिल्डिंग का निर्माण कार्य दिवाली तक पूरा हो जाएगा। जिसके बाद इस अस्पताल को शुरू कर दिया जाएगा। ठेकेदार ने बताया कि काम तेजी से चल रहा है। अभी इस कार्य को पूरा होने में चार महीने का समय लगेगा।