संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में सेक्टर-45, 46 और सेक्टर-21 को जोड़ने वाली मुख्य रोड पर फैले कचरे ने क्षेत्र की स्थिति खराब कर दी है। सड़क किनारे जगह-जगह जमा कूड़े के ढेर से लगातार बदबू फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों का वहां से गुजरना और आसपास रहना मुश्किल हो गया है। यह सड़क कई सेक्टरों को जोड़ती है, इसलिए यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। बदबू और कचरे के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी सतीश ने बताया कि यह एक प्रमुख रोड है, यहां दिनभर वाहनों व लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई दिनों से कचरा पड़ा रहने के कारण गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।