बल्लभगढ़। तिगांव गांव की हाउसिंग बोर्ड कालोनी में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के छोटे भाई को गांव के ही तीन युवकों ने चाकुओं से गोदकर लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में सेक्टर आठ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से फरार हैं।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि उसके छोटे भाई राहुल चंदेलिया ने ऑटो किराए पर दे रखे हैं। शुक्रवार को उसके ऑटो का चालक राहुल कुमार घर लौट रहा था। तभी गांव के तीन युवकों ने उसे रोक कर उससे 1200 रुपये छीन लिए। चालक ने इसकी सूचना राहुल चंदेलिया को दी। चालक ने बताया कि गांव के दीपक, सुमेर व संजय ने उससे पैसे छीने व मारपीट की। इस बात को लेकर राहुल चंदेलिया तीनो आरोपियों के पास गया। तीनों ने उसे पकड़ लिया और चाकुओं से उसके पेट व छाती पर कई वार किए।
ऑटो चालक ने मामले की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने घायल को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया। जितेंद्र ने बताया कि उनके भाई के तीन ऑपरेशन किये गए हैं। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। थाना तिगांव प्रभारी योगेंद्र का कहना है कि मामले की शिकायत मिल चुकी है। घायल के होश में आने के बाद उसका बयान भी लिया जाएगा। मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।