अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सीही गांव में सीवर के गंदे पानी से हो रहे जलभराव को लेकर रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से गलियों में गंदा पानी भरा रहने से बदबू और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के बाद कौशिक ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री एवं स्थानीय विधायक विपुल गोयल और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संत सूरदास की जन्मस्थली सीही की अनदेखी की जा रही है। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मंत्री विपुल गोयल का घेराव कर पुतला दहन किया जाएगा। इस दौरान पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, सुरेश मलिक, जितेंद्र तेवतिया समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।