कांग्रेस पर साधा निशाना, अफवाहों से बचने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फरीदाबाद में आयोजित धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है जबकि राज्य सरकार विकास और जनहित के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें क्योंकि प्रदेश में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस के शासनकाल में हरियाणा को आगे बढ़ाने के बजाय पीछे धकेलने का काम हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता वादे तो करते हैं लेकिन उन्हें निभाने में विफल रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश किसी संकट या वैश्विक चुनौती का सामना करता है उस समय भी विपक्ष के कुछ नेता सस्ती राजनीति करते हुए भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं।
पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा के 4032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रदेशवासियों के हितों की रक्षा कर रही है और अनावश्यक घबराहट की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कमी कर राहत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।
विकास और जनकल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, सस्ती गैस सिलेंडर योजना, एमएसपी पर फसलों की खरीद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत-चिरायु योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा चुनाव में किए गए 217 संकल्पों में से एक साल के भीतर 60 पूरे कर लिए गए हैं जबकि 157 पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047 के संकल्प को हरियाणा विकसित हरियाणा के जरिए साकार कर रहा है और फरीदाबाद के विकास को नई गति दी जाएगी।