फरीदाबाद सेक्टर18 स्थित पार्क की जर्जर हालत । स्रोत: सेक्टर वासी ।
पार्क में लगी घास पूरी तरह खराब हो चुकी है, उड़ती रहती है धूल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-18 स्थित पार्क की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है। लंबे समय से रखरखाव न होने के कारण पार्क की दीवारें जगह-जगह से टूट चुकी हैं, जिससे इसकी सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर पड़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है।
निवासी महावीर बिश्नोई ने बताया कि पार्क में लगी घास पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिसके कारण वहां हर समय धूल और मिट्टी उड़ती रहती है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय जब लोग टहलने के लिए निकलते हैं, तो धूल के कारण पार्क में घूमने आए लोगों को परेशानी होती है। वहीं कई बुजुर्गों को अस्थमा व अन्य सांस संबंधी समस्या है, लेकिन धूल के चलते उनका पार्कों में घूमना बी मुश्किल हो गया है।
बच्चों के खेलने के लिए पार्क में कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। झूले और अन्य खेल उपकरण या तो टूट चुके हैं या फिर पूरी तरह गायब हैं। वहीं बुजुर्गों के लिए भी बैठने और टहलने के लिए सुरक्षित और साफ-सुथरा स्थान उपलब्ध नहीं है, जिससे वे भी असुविधा महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, नई घास लगाई जाए और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि यह पार्क फिर से लोगों के लिए उपयोगी बन सके।