फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले बेशक कम हुए हो लेकिन स्वास्थ्य विभाग तीसरी लहर को लेकर अलर्ट मोड पर है। इसके लिए विभाग ने बकायदा अलर्ट जारी किया है कि बाहर से आने वाले लोग अपनी जांच अनिवार्य रूप से कराएं। वहीं, कोरोना जांच बढ़ाने के लिए भी आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा टीकाकरण पर जोर देने के भी निर्देश हैं।
वहीं, इन दिनों घटते मामलों को देखते हुए जिले में संक्रमितों के संपर्क में आए कम ही लोग निगरानी में हैं। जिले में ऐसे केवल 84 लोग ही हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को 28 दिन तक विभाग अपनी निगरानी पर रखता है। ऐसे लोगों को खांसी, जुकाम व बुखार जैसा कोई भी लक्षण नजर आने पर तुरंत उनकी जांच कराई जा रही है। कोविड-19 के नोडल डॉ. रामभगत ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामले बेहद कम हो गए हैं। ऐसे में निगरानी पर रखे गए लोगों की संख्या कम है। वहीं, तीसरी लहर की आशंका लगातार गहराती जा रही हैं। विभाग सहित आमजन को अलर्ट रहने की जरूरत है। बीते दिनों जिले में 24 वर्षीय युवक में डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि हुई थी। युवक के पड़ोसियों सहित उसके घर के दो से पांच किलोमीटर के दायरे में सर्वे कराकर सैंपलिंग की गई। राहत की बात है कि न तो युवक के परिजन ही संक्रमित मिले न ही आस-पास कोई ऐसा मामला सामने आया। ऐसे में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर जोर है। यही एक मात्र ऐसा तरीका है जिससे संक्रमण विस्तार पर लगाम लगाई जा सकती है।
वर्जन-
संक्रमण के मामले घटने के साथ लोगों की लापरवाही सामने आ रही है। ऐसे में सतर्कता व जागरूकता के साथ काम लेना होगा। कई देशों में तीसरी लहर के संकेत मिलने लगे हैं। ऐसा यहां न हो इसका विशेष ध्यान सतर्कता के साथ ही देना होगा। - डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, सीएमओ