बल्लभगढ़। मोहना मंडी में आढतियों व फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) पूरी तरह से आमने सामने खड़े हो गए हैं। जहां एफपीओ मंडी में गेहूं की खरीद कराना चाहता है, वहीं आढ़ती इसके खिलाफ एक जुट हो गए है। रविवार को एफपीओ के अधिकारियों ने ईमेल के माध्यम से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड पंचकूला के अलावा जिले के आला अधिकारियों को शिकायत दी है।
एफपीओ निदेशक दीपक कुमार ने पत्र में बताया कि वह फ्रेश फील्ड फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के लिए का मकरते हैं। यह फर्म किसान पंजीकृत कार्यालय छायसां उप तहसील मोहना, जिला फरीदाबाद में है। राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से एफपीओ को कमीशन एजेंट के रूप में काम करने की अनुमति दी गई थी। मार्केट कमेटी, मोहना जिला फरीदाबाद में खरीफ प्रोक्योरमेंट सीजन 2020 में एफपीओ वर्किंग कमीशन एजेंट के नाम पर पंजीकृत है। शनिवार को खुद को आढ़ती बताने वाला गिरोह मोहना मंडी में कमीशन एजेंट के रूप में काम न करने की धमकी दे रहा है। गिरोह के लोगों ने एफपीओ कर्मचारियों का मंडी में प्रवेश रोक दिया है।
वहीं व्यापारी-आढ़ती एसोसिएशन मोहना मंडी के प्रधान सतीश कुमार ने बताया कि एफपीओ द्वारा की गई शिकायत की कोई जानकारी नहीं है। शिकायत आने पर जवाब दिया जाएगा। वैसे भी प्रदेश भर के आढ़ती सोमवार को करनाल में एकत्र हो रहे है वहां इस मुद्दे पर चर्चा होगी। इसके बाद ही कुछ कह सकते हैं।