एनआईटी में रह रहे बिहार अररिया के मूल निवासी मुकेश सिंह ने दी थी पुलिस को शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र में रहने वाले मुकेश सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उसके बैंक खाते में 1.04 करोड़ रुपये 6 दिन में जमा हुए हैं, जो उसके नहीं है। उसने 6 लोगों पर आरोप लगाया कि लोन दिलाने के नाम पर इन्होंने दस्तावेज लेकर गड़बड़ी की है। लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में पाया गया कि मुकेश भी आरोपियों से मिला हुआ है और इन सभी ने कई बैंक खाते खोले हुए हैं जिनमें साइबर ठगी के रुपये आते हैं। मुकेश पर कई राज्यों में 11 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में मुकेश व अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में आरोपियों पर ये एफआईआर आर्थिक अपराध शाखा बल्लभगढ़ के एसआई मनोज कुमार ने दर्ज कराई है। इनका कहना है कि आला अधिकारियों की ओर से मार्क होकर आई एक शिकायत इन्हें जांच के लिए मिली थी। ये शिकायत एनआईटी एरिया में रहने वाले मुकेश सिंह ने दी। वो अररिया बिहार का मूल निवासी है और यहां होटल चलाता है। शिकायत में फर्जीवाड़े का आरोप पल्ला थाना के हरकेश नगर निवासी अमन, यूपी अलीगढ़ के हटलपुर गांव निवासी रूपेश कुमार, देवेंद्र कुमार शर्मा, फरीदाबाद सेक्टर-55 निवासी पूजा, बिजेंद्र ठाकुर, अनुज, जयकरण व अन्य पर लगाया गया। कहा गया कि इन सभी ने लोन के नाम पर उसके दस्तावेज लिए। जिनके आधार पर एनआईटी 5 स्थित आईडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया और इस खाते में 1 करोड़ 4 लाख रुपये 6 नवंबर 2024 से 12 नवंबर 2024 के दौरान आए। जबकि उसे इन रुपयों की कोई जानकारी नहीं है। बाद में ये रुपये अन्य खातों में ले लिए गए।
कई अन्य खाते होने का आरोप, मुकेश पर दर्ज मिलीं 11 शिकायतें
मुकेश ने आरोप लगाया कि उसके खाते के अलावा अन्य कई खाते आरोपियों ने खुलवाए हैं जिनमें रुपये आ रहे हैं। पूजा ने पूजा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से पीएनबी में खाता खुलवाया है। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ टीम की मदद से एसआई मनोज ने जांच शुरू की तो पता चला कि मुकेश कुमार पर कई राज्यों में साइबर ठगी की 11 शिकायतें दर्ज हैं। अपने ऊपर इन शिकायतों को लेकर होने वाली कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी मुकेश ने झूठी शिकायत पुलिस को दी। जबकि वो इन सभी के साथ साइबर ठगी में शामिल है। इसके नाम पर खाता दो साल पहले खोला गया था। मुकेश का नंबर ही इस खाते में रजिस्टर्ड था। पूजा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से एक अन्य खाता इंडियन बैंक में, रूपेश का खाता आईडीएफसी बैंक में, रूपेश के पिता देवेंद्र के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। रूपेश पर दिल्ली के सेक्टर-16सी द्वारका स्थित स्पेशल सैल साइबर क्राइम थाने में भी एफआईआर दर्ज है।