विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शहर के पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस लाइन स्थित डीएवी स्कूल में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और दौड़ आदि के मुकाबले हुए। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में टीम भावना, आपसी समन्वय और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस (21 अक्तूबर) देशभर की पुलिस सेवाओं के लिए एक अत्यंत भावनात्मक दिवस है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीन के सैनिकों के साथ हुई मुठभेड़ में बलिदान देने वाले 10 वीर पुलिस जवानों की याद में मनाया जाता है।