साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बिल्डर कंपनी के डायरेक्टर की फोटो अपने प्रोफाइल पर लगाकर साइबर ठग ने कंपनी के अकाउंटेंट को व्हाट्सएप पर मैसेज किया। एक प्रोजेक्ट के बारे में मैसेज पर कुछ बताया और फिर खाते में मौजूद राशि के बारे में पूछा। बाद में एक खाता नंबर देकर 12 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शाम को ऑफिस में डायरेक्टर ने अकाउंटेंट से 12 लाख की ट्रांजेक्शन के बारे में पूछा तो ठगी का पता चला।
सेक्टर-31 एरिया की निजी डेवलपर्स कंपनी के अकाउंटेंट गाजियाबाद निवासी राकेश कुमार ने ये शिकायत पुलिस को दी है। इनका कहना है कि बीते सप्ताह एक नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। प्रोफाइल फोटो में राकेश की कंपनी के डायरेक्टर की फोटो लगी हुई थी। फिर मैसेज में वो योगेंद्र सांगवान बनकर बात करने लगा और कहा कि ये मेरा नया नंबर है। एक नए प्रोजेक्ट को लेने बारे मैसेज में लिखा। फिर खाते में मौजूद राशि के बारे में पूछा। जिसके बाद एक बैंक खाते की डिटेल भेजकर इसमें 12 लाख ट्रांसफर करने को कहा। डायरेक्टर का मैसेज समझकर अकाउंटेंट ने ये रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि रात लगभग साढ़े 8 बजे डायरेक्टर ने 12 लाख रुपये की पेमेंट को लेकर पूछा तो अकाउंटेंट ने बताया कि आपने ही तो मैसेज भेजकर कराई थी। डायरेक्टर ने कहा कि मैंने कोई पेमेंट नहीं कराई, तब पता चला कि मैसेज भेजने वाला साइबर ठग था। साइबर हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में एफआईआर दर्ज कर टीम जांच कर रही है।