फरीदाबाद। संजय कॉलोनी में करंट लगने से फैक्टरी कर्मचारी दिनेश तिवारी की मौत के मामले में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने दो एसडीओ की कमेटी गठित की है। यह कमेटी एनआईटी क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों की जांच करेगी। शिव कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय दिनेश तिवारी मंगलवार रात साइकिल से अपने घर जा रहे थे। संजय कॉलोनी में 22 फीट रोड पर सीवर का पानी भरा होने के कारण सड़क पर बना गड्ढा उन्हें दिखाई नहीं दिया था। इससे उनकी साइकिल अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई। इस दौरान करंट लगने से उनकी मौत हो गई थी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की कार्यकारी अभियंता उर्मिला रानी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। वहीं बाकी ट्रांसफार्मर के सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी। वहीं नगर निगम पार्षद संगीता भारद्वाज के प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को बिजली निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। ब्यूरो