संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के आयुक्त विकास गुप्ता ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खंदावली और जवाहर नवोदय विद्यालय मोठूका बल्लभगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीईओ शिखा भी मौजूद रहीं। यह निरीक्षण प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
विकास गुप्ता ने खंदावली में नवनिर्मित जीवविज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन रिबन काटकर किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त विकास गुप्ता ने विद्यालय में संचालित लेप कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण गतिविधियों तथा एनएसक्यूएफ शिक्षा की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मोठूका स्थित विद्यालय में विकास गुप्ता ने निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य अनिल यादव ने बताया कि पीएम श्री योजना के तीन वर्षों के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालयों में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। इस अवसर पर डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, डिप्टी डीओ संदेश सोलंकी, सीएमजीजीए देव वत्स और शारिका, सहित अन्य कई अध्यापकगण मौजूद रहे।