कक्षा 6 से लेकर कक्षा 12 तक की हैं पुस्तकें, गोदाम पर भी मारा गया छापा
थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर संचालक को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने बुधवार को अंबेडकर चौक बल्लभगढ़ स्थित मंगला बुक डिपो पर छापा मारकर भारी मात्रा में एनसीईआरटी की नकली किताबें बरामद की हैं। टीम ने डिपो सहित गोदाम से करीब 5 हजार 600 एनसीईआरटी की किताबों को बरामद किया। यह सभी किताबें कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक की हैं। टीम की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि अंबेडकर चौक स्थित मंगला बुक डिपो द्वारा एनसीईआरटी की नकली किताबों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। इस शिकायत पर डीएसपी मनीष सहगल के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग टीम ने एनसीईआरटी दिल्ली के बिजनेस मैनेजर भूपेंद्र सिंह व असिस्टेंट प्रॉडक्शन ऑफिसर राजेश कुमार को साथ लेकर मंगला बुक डिपो पर छापा मारा। इस दौरान मंगला बुक डिपो पर संचालक गौरव अग्रवाल उपस्थित मिले। एनसीईआरटी की टीम द्वारा गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में डिपो की चेकिंग की गई। दुकान में भारी मात्रा में नकली किताबें मिलीं।
कक्षा 6 से 12 तक की किताबें हैं नकली
पूछताछ पर गौरव ने बताया कि उसने ऋषि नगर बल्लभगढ़ में अलग से गोदाम बनाया हुआ है। काफी किताबें गोदाम पर भी रखी हुई हैं, जिसके बाद टीम संचालक के बताए गोदाम पर गई तो वहां से बड़ी संख्या में नकली एनसीईआरटी की किताबें मिलीं।
नई दिल्ली से मंगाई थीं किताबें
गौरव अग्रवाल ने टीम द्वारा पूछताछ के दौरान बताया कि वह इन किताबों को श्याम एंड संस नई सड़क दरियागंज नई दिल्ली से मंगवाता है। सभी नकली किताबों को अपने कब्जे में लेते हुए मंगला बुक डिपो के संचालक गौरव अग्रवाल के खिलाफ पुलिस थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दी गई। पुलिस ने आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।