संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। निजी कंपनी में क्लर्क के पद पर कार्यरत महिला के साथ बेटी की पॉलिसी के नाम पर दो लाख 48 हजार रुपये की ठगी हो गई। महिला के पास पॉलिसी करने वाली कंपनी से कॉल आई कि एजेंट ने पॉलिसी का 25 प्रतिशत क्लेम किया हुआ है। उस क्लेम को हटाने और नई पेंशन पॉलिसी देने के नाम पर उनके साथ ठगी हो गई। थाना साइबर बल्लभगढ़ पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
अहीर वाडा बल्लभगढ़ निवासी आरती ने बताया कि उन्होंने एक निजी कंपनी से बेटी के नाम पर साल 2018 में 5 लाख रुपये की पॉलिसी ली थी। 15 जुलाई को उनके पास किसी अर्तिका ठाकुर का फोन आया। उसने कहा कि पॉलिसी करवाने वाले एजेंट ने 25 प्रतिशत का क्लेम किया हुआ है। उस क्लेम को हटाने के लिए अगर वह 50 हजार रुपये दे देती है, तो वह हट जाएगा। उन्होंने ठग की बातों में आकर पैसे दे दिए। उसके बाद ठग ने उनको पेंशन पॉलिसी के बारे में बताया जो कि 11 लाख रुपये की थी। उस पेंशन पॉलिसी के लिए उनको साढ़े तीन लाख रुपये देने होंगे। जिसके चलते महिला को तीन किस्त में पैसे जमा करवाने थे। महिला ने दो किस्त 99 - 99 हजार की जमा करवा दी। जब वह तीसरी किस्त को जमा करने वाली थी तो साइबर ठग ने फोन बंद कर दिया। तब महिला को अहसास हुआ की उनके साथ पॉलिसी के नाम पर दो लाख 48 हजार रुपये ठगी हो गई है। बाद में मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज किया।