विश्वविद्यालय प्रशासन ने जारी किए दिशानिर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदबाद। जिले के 12 महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों की कक्षाएं अब नियमित रूप से संचालित की जाएंगी। प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने वाले 11 हजार छात्र-छात्राएं नए सत्र की पढ़ाई की शुरुआत करेंगे। लंबे समय से तैयारियों और प्रशासनिक कार्यों के चलते जो कक्षाएं आरंभ नहीं हो पा रही थीं, वे अब तय समय पर शुरू की जाएंगी। बीकॉम, बीबीए,बीएससी बीजेएमसी, बीए, बीसीए जैसे प्रमुख कोर्स की कक्षा में छात्र नजर आएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालय प्रबंधन और संकाय प्रमुखों को शैक्षणिक सत्र तय समय पर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी और कक्षाओं का समय सारणी के अनुसार संचालन किया जाएगा।कई महाविद्यालयों में नए छात्र परिसर के माहौल को समझेंगे। कुछ महाविद्यालय स्वागत सत्र आयोजित करेंगे, जिसमें छात्रों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और सह-पाठयक्रम गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
अध्यापकों ने उम्मीद जताई है कि समय पर कक्षाएं शुरू होने से पढ़ाई की गुणवत्ता और परिणामों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। छात्र भी अपेक्षा करेंगे कि इस वर्ष अधिक व्यावहारिक गतिविधियां, सेमिनार और वर्कशॉप कराई जाएंगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
वर्जन
जिले के सभी महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों की कक्षाएं अब नियमित रूप से संचालित की जाएंगी। हमने महाविद्यालय प्रबंधन और संकाय प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समय पर कक्षाएं शुरू हों और पाठ्यक्रम पूरा करने में देरी न हो। - डॉ. सुनिधि, उच्च शिक्षा अधिकारी