दूसरे दिन भी जलभराव से शहरवासी परेशान
फरीदाबाद। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से सोमवार को भी जलभराव से लोग परेशान दिखे। हर तरफ नाला भरने से सड़कों पर गंदा पानी एकत्र हो गया है। दूषित पानी के बीच सड़कों से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद नगर निगम ने नाले की सफाई करवाने तक जहमत नहीं उठाई। बारिश के बाद शहर की कॉलोनियों में हर तरफ पानी देखने को मिला। जलभराव के बीच पैदल व दो पहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हुईं। इसके अलावा कॉलोनियों में भी हर तरफ पानी का जमाव दिखा। सेक्टर 28, एनएचपीसी, पल्ला, पुलिस लाइंस रोड, सेक्टर 31, सेक्टर 12, एनआईटी एक नंबर, दो नंबर और पांच नंबर में भी जलभराव की समस्या दूसरे दिन भी देखने को मिली। वहीं नगर निगम के अधिकारियों ने एक बार कही भी जाकर मौके का जायजा लेने का प्रयास नहीं किया। नगर निगम के मुख्य अभियंता विरेंद्र कर्दम का कहना है कि जलभराव से निपटने के लिए सीवर व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।