घर के बाहर निकले लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश की परेशानी रही
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भोर में स्मॉग की चादर ने शहर के आसमान को ढक लिया। दिन में शहर के चारों प्रदूषण मापन केंद्रों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 तक पहुंच गया। प्रदूषण के असर से घर के बाहर निकले लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश की परेशानी रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी भोर और रात में स्मॉग रहेगा।
औद्योगिक शहर में उद्योगों, वाहनों और पराली के जलने से होने वाले प्रदूषण के चलते प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में बना हुआ है। हालांकि, शहर के सेक्टर-16ए और एनआईटी क्षेत्र प्रदूषण के हॉट स्पॉट बने हुए हैं। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सेक्टर-16ए स्थित प्रदूषण मापन केंद्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में 349 दर्ज किया गया। एनआईटी के प्रदूषण मापन केंद्र में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में 345 चला गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से इस क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है कि अधिक समय तक इस स्थिति में रहने से सांस की बीमारी हो सकती है।
सेक्टर-16ए में वाहनों, उद्योगों और पराली से निकलने वाले धुएं से उत्पन्न पीएम-2.5 (पर्टिकुलेट मैटर) कणों का स्तर 426 दर्ज किया गया। वहीं, एनआईटी में पीएम-2.5 का स्तर 414 और पीएम 10 का स्तर बढ़कर 450 दर्ज किया गया। इसके अलावा सेक्टर-11 में वायु गुणवत्ता सूचकांक भी खराब श्रेणी में 290 दर्ज किया गया। वहीं, शहर क्षेत्र से अलग बल्लभगढ़ में भी प्रदूषण का स्तर भी खराब श्रेणी में 296 तक पहुंच गया।
20 नवंबर तक 13 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में कुछ कमी आने से सुबह और शाम ठंड बढ़ी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले वर्ष इस दिन न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दूसरी तरफ, अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को भी 27 डिग्री सेल्सियस बना रहा। 20 नवंबर तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।