- छह महीने में केंद्र तैयार किए जाएंगे, लोगों को मिलेगा ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ
धनंजय चौहान
फरीदाबाद। एचएसवीपी सेक्टर वासियों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से सेक्टरों में नागरिक सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। प्रथम चरण में 26 केंद्र बनाने की तैयारी की गई है। इन्हें छह माह में लोगों की सुविधा के लिए शुरू किया जाएगा। इन केंद्रों पर लोगों को सभी विभागों तरफ से दी जाने वाली ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर करीब 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले सभी सेक्टर अब पूरी तरह विकसित हो चुके है। इनमें लाखों लोग निवास करते हैं। वहीं दूसरी तरफ सभी सरकारी विभागों ने अपनी योजनाओं, सुविधाओं, बिल आदि भरने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया हुआ है। सेक्टरों में अभी कोई नागरिक सुविधा केंद्र की सुविधा नहीं होने के कारण सेक्टर वासियों को छोटे-छोटे कामों के लिए विभाग के चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेक्टरवसियों को घर के नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एचएसवीपी ने नागरिक सुविधा केंद्र खोलने की योजना तैयार की है। लोगों नागरिक सुविधा केंद्र के माध्यम से इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
15 हजार लोगों की आबादी पर एक नागरिक सुविधा केंद्र खुलेगा
लोगों को उनके घरों के आसपास ही सरकारी विभागों की सभी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए लगभग प्रत्येक 15 हजार की आबादी पर एक नागरिक सुविधा केंद्र स्थापित करने की तैयारी की गई है। इसी क्रम में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टरों में नागरिक सेवा केंद्र बनाने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।
इन सेक्टरों में खुले जाएगे नागरिक सुविधा केंद्र
एचएसवीपी ने सेक्टर तीन, चार, छह, आठ के अलावा 12, 13, 15, 18, 19, 20, 21, 24, 25, 27, 29, 30, 45, 56, 58, 59, 62, 64, 65, व अन्य में नागरिक सुविधा केंद्र बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। इन केंद्रों के निर्माण पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन केंद्रों पर लोगों लोगों के लिए जनसुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। साथ की एक कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति भी की जाएगी। लोगों इन नागरिक सुविधा केंद्रों के माध्यम से सभी सरकारी विभागों की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। अपने घरों के आसपास की सुविधा केंद्र विकसित हो जाने के चलते लोगों को अपने कामों के लिए घरों से अधिक दूर नहीं जाना पड़ेगा।
वर्जनछह माह में शुरू करने का लक्ष्यसेक्टर वासियों को घर नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागरिक सुविधा केंद्र खोलने की तैयारी की गई है। इन्हें तैयार करने के लिए छह महीने का लक्ष्य तय किया गया है।
- मनोज सैनी, कार्यकारी अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण