बच्चों ने किया अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाल भवन में आयोजित बाल महोत्सव में 28 स्कूलों के लगभग 416 बच्चों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम बड़खल डॉ. त्रिलोक चंद ने शिरकत की।
बाल महोत्सव प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे प्रतिभागियों ने कला नृत्य के हुनर से अपने-अपने संगीत की धुन पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा की नेहा प्रथम, संत निरंकारी पब्लिक स्कूल सेक्टर-16 की शैली चंदीला द्वितीय और डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 की विधि तृतीय रही।
फन गेम्स में आइडियल पब्लिक स्कूल लकड़पुर का हैप्पी प्रथम रहा। वहीं, संत निरंकारी स्कूल का भास्कर द्वितीय और आइडियल स्कूल का रिषभ तृतीय रहा। इसी प्रकार समूह नृत्य में राजकीय स्कूल सराय ख्वाजा के विद्यार्थियों की टीम ने बाजी मारी।