बीके अस्पताल में खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण से पीड़ित बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही
शहर में बढ़े खांसी-जुकाम के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब बच्चों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। बीके अस्पताल में खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण से पीड़ित बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 70 से अधिक बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव और उमस के कारण बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि बदलता मौसम सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है, लेकिन छोटे बच्चों पर इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। अस्पताल में आने वाले अधिकांश बच्चों में खांसी, जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण और वायरल बुखार जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और सावधानी बरतने से इन बीमारियों से बचाव संभव है।
चिकित्सकों ने अभिभावकों से बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनाएं, ठंडी और बाहर की खुली खाद्य सामग्री से परहेज कराएं और स्वच्छ और पौष्टिक भोजन दें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ले जाने से बचें। यदि बच्चे में लगातार बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। डॉक्टरों का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी बरतकर मौसमी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।