सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। बाल रोग ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार तापमान और नमी में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चों में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में प्रतिदिन ऐसे बच्चे पहुंच रहे हैं जिन्हें सर्दी, खांसी, बुखार, गले में संक्रमण और कमजोरी की शिकायत है। छोटे बच्चों में संक्रमण का खतरा अधिक होने के कारण अभिभावक उन्हें जांच और उपचार के लिए अस्पताल ला रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम बदलने के दौरान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे वे जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं।
सेक्टर-22 निवासी रीना शर्मा अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि दो दिन से बच्चे को बुखार और खांसी की शिकायत थी। दवा लेने के बाद कुछ राहत मिली है, लेकिन मौसम बदलने के बाद आसपास कई बच्चे बीमार हो रहे हैं।
वहीं पर्वतीय कॉलोनी निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी तीन वर्षीय बेटी को गले में संक्रमण और बुखार की समस्या होने पर अस्पताल लाना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मौसम लगातार बदल रहा है, जिसका असर बच्चों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है।
बारिश के बाद मौसम में बदलाव और बढ़ी हुई नमी के कारण बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले बढ़े हैं। अभिभावक बच्चों को साफ पानी पिलाएं, संतुलित आहार दें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक रूप से न ले जाएं। यदि बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।-डॉ. ईशा, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला नागरिक अस्पताल