फरीदाबाद। कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमित के संपर्क में आने से ही यह बीमारी दूसरे व्यक्ति को हो जाती है। ऐसे में कोई भी किसी की मदद नही कर पा रहा है। चाइल्ड लाइन संस्था अब ऐसे बच्चों की मदद का बीड़ा उठाएगी, जिनके माता-पिता कोरोना संक्रमित हैं। इसके लिए जिले के दस शेल्टर होम में व्यवस्था की जा रही है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गरिमा तोमर ने बताया कि महामारी के चलते कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिनमे माता व पिता दोनों ही कोरोना से संक्रमित हैं। ऐसे में बच्चों की जिम्मेदारी व देखरेख के लिए रिश्तेदार भी आगे नही आ रहे हैं। संस्था ऐसे बच्चों की तब तक देखभाल करेगी जब तक उनके माता-पिता ठीक नही हो जाते। जिले में उनके पास दस शेल्टर होम हैं। इन सभी में बच्चों की देखभाल की पूरी व्यवस्था की जा रही है। बच्चों को कोई संक्रमण न हो इसके लिए चिकित्सक की सुविधा रहेगी, साथ ही यहां नियमित तौर पर शेल्टर होम को सैनिटाइज किया जाएगा।
चाइल्ड लाइन संस्था के सदस्य रविंदर कुमार का कहना है कि पिछले साल संस्था ने करीब 700 परिवारों को भोजन की व्यवस्था कराई थी। पिछले वर्ष भी कुछ बच्चों को संस्था द्वारा सहायता दी गई थी। इस साल कोरोना का संक्रमण ज्यादा है। लोग जल्दी संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में जिस घर में भी ऐसे बच्चे हैं जिन्हें संस्था की मदद चाहिए वह 1098 पर संपर्क कर सकते हैं। अस्पताल में भर्ती ऐसे परिजन जिन्हें बच्चों की देखभाल में समस्या आ रही है, वह भी संस्था से संपर्क कर सकते हैं।