संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने शनिवार को डबुआ कॉलोनी में राजेश कुमार की परचून की दुकान पर औचक निरीक्षण किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि दुकानदार बड़े मॉल से एक्सपायरी के नजदीक वाला सामान सस्ते में खरीदकर आम जनता को एक के साथ एक फ्री जैसे ऑफर देकर बेच रहा था।
टीम ने मौके से 90 लीटर दूध, 240 पैकेट जूस, 29 बोतल कोल्डड्रिंक, घी और दही समेत कुल 14 प्रकार की एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की। दुकानदार राजेश कुमार मौके पर कोई भी वैध एफएसएसएआई या ट्रेडिंग लाइसेंस पेश नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुनीत शर्मा की टीम ने दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है और बाकी सभी एक्सपायरी सामान को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एक्सपायरी सामान बेचने के जुर्म में अलग से केस दर्ज किया जाएगा।