दुकान से करीब आठ हजार मीटर प्रतिबंधित मांझा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-8 थाना क्षेत्र के गांव सीही में मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने प्रतिबंधित मांझा बेचने की सूचना पर दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान से करीब आठ हजार मीटर प्रतिबंधित मांझा बरामद किया। मांझा जिन हुचकों पर लिपटा हुआ था, उन पर ‘औद्योगिक उपयोग के लिए’ लिखा हुआ था।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि सीही गांव में एक दुकान पर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री की जा रही है। सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने दुकान पर कार्रवाई की। इस दौरान सेक्टर-8 पुलिस चौकी की ओर से एएसआई अजय भी मौके पर मौजूद रहे। जांच में बड़ी मात्रा में मांझा मिलने के बाद उसे कब्जे में ले लिया गया। हुचकों पर इसे औद्योगिक उपयोग के लिए बताया गया था, जबकि शिकायत थी कि इसका इस्तेमाल पतंग उड़ाने के लिए किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने विजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में भी प्रतिबंधित मांझा बेचने का आरोप लगा था।