- विराज सिंह ने 84 गेंदों पर बनाए नाबाद 61 रन, बने मैन ऑफ द मैच
फरीदाबाद। सेक्टर-63 स्थित छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट मैदान पर बुधवार को छत्रपति क्रिकेट एकेडमी ने गुलाब क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुलाब एकेडमी ने 40 ओवर में पांच विकेट पर 167 रन बनाए। नक्श डागर ने 65, कप्तान आदित्य ने 46 और कनक रावत ने 19 रन का योगदान दिया। छत्रपति की ओर से काव्य भाटी और राघव ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्रपति एकेडमी की शुरुआत खराब रही। टीम ने 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद विराज सिंह ने 84 गेंदों पर नाबाद 61 और रजत भाटी ने 37 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों के योगदान से छत्रपति ने 35.5 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। गुलाब की ओर से कनक रावत ने दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए विराज सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संवाद