बल्लभगढ़। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ के सिविल रेस्ट हाउस में शुक्रवार को अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। शहर में चल रहे विकास कार्यों के अलावा जनता को सरकार की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में चर्चा की। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने अपने विभागों में बेहतर कार्य करें और जनता को आने वाली समस्याओं का निवारण करें। उन्होंने कहा कि राशन डिपो पर पूरी मात्रा में राशन न मिलने की शिकायतों पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विनलेश सहरावत को निर्देश दिए है कि राशन डिपो की मौके पर पहुंचकर जांच करें।
अगले छह महीने तक 10 किलो प्रति व्यक्ति राशन दिया जा रहा है। यदि किसी को यह राशन नहीं मिल रहा है तो वह एसडीएम, खाद्य आपूर्ति अधिकारी और उनके पास शिकायत कर सकते हैं। एसडीएम त्रिलोकचंद ने कहा कि वह भी राशन डिपो के साथ साथ स्कूलों में भी जाकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। साथ ही शिक्षा अधिकारियों के लिए हिदायतें दी हैं कि सरकार स्कूलों में जाकर चेकिंग करें, ताकि सरकार का बेहतर शिक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयास सफल हो सकें। 21 अप्रैल को बल्लभगढ़ पंचायत भवन में वृद्धा पेंशन के लिए मेडिकल जांच के लिए भी जिला समाज कल्याण अधिकारी सुशीला को दिशा निर्देश दिए। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पात्र बुजुर्गों को पेंशन बनवाने के लिए इधर उधर न भटकना पड़े। इस मौके पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुरेंद्र यादव ने कहा कि अगले 10 दिन में वह ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, एसडीएम त्रिलोकचंद, डीसीपी जयवीर राठी, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर अनिल यादव, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता नीरज दलाल, जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक विंनलेश सहरावत,नेशनल हाइवे के अतिरिक्त प्रोजेक्ट अधिकारी धीरज सिंह,पीडब्ल्यूडी के एसडीओ जसमेर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बलवीर कौर आदि मौजूद रहे।