पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना सदर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सदर क्षेत्र के गांव नीमका में अधिग्रहित जमीन का सौदा कर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित जब रेवेन्यू पटवारी के पास रिकार्ड लेने के लिए गया तो पता चला कि प्रॉपर्टी पहले ही हुडा ने एक्वायर कर ली है। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गुरुग्राम निवासी बाबूराम ने बताया कि गांव नीमका निवासी संजय, प्रेम राज, जग्गो, राजपाल, हंसराज , राजो और जीत से 17 मई 2023 को करीब 300 गज का प्लॉट खरीदने के लिए 60 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। सौदे के अनुसार उन्होंने आरोपियों के द्वारा बताए हुए विभिन्न खातों में करीब साढ़े 37 लाख रुपये जमा करवा दिए। लाखों रुपये देने के बाद जब उन्होंने रजिस्ट्री के लिए कहां, तो आरोपी टाल मटोल करने लगे। जिस पर वह रिकार्ड लेने के लिए पटवारी के पास गए। जहां पटवारी ने उनको बताया कि जो प्लॉट वह खरीद रहे हैं उसको कुछ समय पहले हुडा के अर्जन अधिकारी की ओर से एक्वायर कर लिया गया है। इसके बाद वह आरोपियों के पास रजिस्ट्री कराने के लिए गए तो आरोपी रोजाना तारीख पर तारीख देते रहे। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस आयुक्त को शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना सदर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।