मुनाफे का झांसा देकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-22 निवासी एक महिला ने साइबर क्राइम थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर महिला से करीब तीन लाख 60 हजार रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को योगिता ने शिकायत में बताया कि एक मई को वह सोशल मीडिया पर एक एप देख रही थी। इस दौरान एक मैसेज आया। उस मैसेज करने वाली महिला ने शेयर बाजार में छोटी रकम निवेश करने पर मुनाफे का झांसा दिया था। महिला ने झांसे में आकर पहले 11 हजार रुपये निवेश किए। उसके चार घंटे बाद ही मुनाफे के साथ 14 हजार पांच सौ रुपये खाते में आरोपियों ने भेज दिए। इसके बाद 50 हजार निवेश कर दिए। 12 घंटे बाद आरोपियों ने मुनाफे के साथ एक लाख 30 हजार रुपये दिखाए। आरोपियों ने साथ ही मुनाफे की राशि प्राप्त करने के एवज में करीब 49 हजार रुपये मांगे। उसने लालच में आकर 49 हजार रुपये भेज दिए। इस तरह से आरोपियों ने कई बार में करीब तीन लाख 60 हजार रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।