- साइबर क्राइम थाना सेंट्रल व एनआईटी में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 4 लोगों से 4.40 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने चारों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-3 निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह निजी कंपनी में बतौर फाइनेंस हेड कार्यरत है। आरोप है कि 20 फरवरी को कंपनी के मालिक के बेटे ने व्हाट्सएप पर मैसेज किया। मैसेज में अडानी गैस कंपनी का बिल बताया गया और एक नंबर भी लिखा था। शिकायतकर्ता ने नंबर पर कॉल की तो नहीं लगी। बाद में उन्हें कॉल आई तो उसे बताया गया कि गैस का बिल भर दिया है। आरोपी ने एक लिंक व्हाट्सएप पर भेजकर बिल अपडेट करने को कहा। लिंक पर क्लिक कर अपडेट के नाम पर 16 रुपये की ट्रांजेक्शन की तो बाद में खाते से 1,02,003 रुपये कट गए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में बल्लभगढ़ निवासी महिला का कहना है कि एप पर ऑनलाइन शॉपिंग की थी। 19 फरवरी को एक नंबर से इन्हें मैसेज आया जिसमें ऑर्डर कैंसिल होने की बात कही गई। आरोपी ने दोबारा पेमेंट के लिए व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजा। महिला ने पेमेंट कर दी तो आरोपी ने कहा कि अब भी पेमेंट नहीं आई। इसी तरह बार-बार झांसे में लेकर ठगों ने महिला से 49,800 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-31 निवासी विकास का आरोप है कि ठगों ने घर बैठे कमाई का झांसा देकर संपर्क किया। बाद में आरोपियों ने टेलीग्राम टास्क के बहाने 1.37 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ। चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में फरीदाबाद निवासी राहुल का कहना है कि 28 जनवरी को उसकी पत्नी ने इंस्टाग्राम पर सूट खरीदने का विज्ञापन देखा। उस पर क्लिक किया तो एक मोबाइल नंबर मिला। दंपती ने सूट चुनकर व्हाट्सएप पर पेमेंट के लिए पूछा तो आरोपी ने स्कैनर भेज दिया। 1299 रुपये की पेमेंट कर दी गई। आरोपी ने कहा कि पेमेंट नहीं मिली है और अलग-अलग बहाने बनाकर 1,51,255 रुपये ठग लिए।