2 मार्च को पाली इलाके से पकड़ा गया था, मंगलवार को अदालत में पेश किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बांस रोड पाली से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान के खिलाफ जिला अदालत ने मंगलवार को चार्ज फ्रेम कर दिए। इस दौरान अब्दुल रहमान को भी जिला अदालत के समक्ष पेश किया गया। चार्ज फ्रेम होने पर उसके साइन भी कराए गए। अदालत ने अब मामले में ट्रायल शुरू करने के आदेश दिए हैं। सुनवाई के लिए जिला अदालत ने 5 मार्च 2026 की तारीख तय की है। इस दौरान अभियोजन पक्ष गवाहों की गवाही कराएगा।
संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान (19) को 2 मार्च को बांस रोड पाली से पलवल एसटीएफ, गुजरात एटीएस की टीम ने काबू किया था। इसके पास से दो हैंड ग्रेनेड व डेटोनेटर मिले थे जिन्हें निष्क्रिय किया गया। जांच में पता चला कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (एक्यूआईएस) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियां के संपर्क में था। अबू सूफियां ने ही अपना हैंडलर भेजकर बांस रोड स्थित खेत के पास गड्ढा खुदवाकर जमीन में दो हैंडग्रेनेड के साथ ही डेटोनेटर भी छुपाए थे। अब्दुल रहमान को ये छुपाने के स्थान की लोकेशन दी गई थी, जिसके बाद आतंकी यहां पहुंचा और गड्ढे की मिट्टी हटाकर ये सामान वाला पैकेट उसने निकालकर अपने बैग में रख लिया था। अब्दुल रहमान को ये सामान लेकर 4 मार्च को वापस अयोध्या पहुंचना था। लेकिन यहां की लोकेशन व आरोपी की फोटो मिलने पर उसे काबू कर लिया गया। मामले में एसटीएफ अब्दुल रहमान के खिलाफ चालान पेश कर चुकी है। लेकिन एसटीएफ अभी तक अब्दुल रहमान के अलावा अन्य किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।