बल्लभगढ़ सदर थाने में 4 अगस्त 2025 को दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ सदर थाना इलाके की आईएमटी स्थित आगमन सोसाइटी के फ्लैट में बुजुर्ग दिव्यांग महिला पूजा की हत्या मामले में किशोर पर अदालत में चार्ज फ्रेम हुए हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत में शुक्रवार को चार्ज फ्रेम की ये कार्रवाई हुई। इस दौरान किशोर से पूछा गया कि क्या आपने चार्ज के तथ्यों को सुन और समझ लिया है। इस पर किशोर ने हां जी जवाब दिया। इसके बाद उससे पूछा गया कि क्या आप अपना जुर्म कबूल करते हो या केस लड़ना चाहते हो। किशोर ने जवाब दिया कि मैं जुर्म कबूल नहीं करता हूं और केस चलाना चाहता हूं।
बल्लभगढ़ सदर थाना में ये एफआईआर 4 अगस्त 2025 को दर्ज हुई थी। सेक्टर-70 की आगमन सोसाइटी के टावर नंबर 12 के फ्लैट नंबर 201 में दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे बुजुर्ग महिला पूजा रानी अपनी बहू श्वेता के साथ मौजूद थी। इसी दौरान किशोर ने बुजुर्ग महिला की गर्दन पर चाकू से वार किया। चाकू पर शेविंग ब्लेड भी अटैच की हुई थी। बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। श्वेता के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। वारदात का आरोप श्वेता के पास ट्यूशन पढ़ने आने वाले किशोर पर लगा था।
जांच में पता चला कि किशोर के परिजन उसको जबरदस्ती श्वेता के पास ट्यूशन पढ़ने के लिए भेजते थे। उसी वजह से किशोर ने ट्यूशन टीचर को मारने की योजना बनाई। वह ट्यूशन के लिए गया था तभी श्वेता शौचालय गई थी। इसी दौरान किशोर ने वारदात की। पुलिस के पकड़ने पर किशोर ने पूछताछ में बताया कि वह कहीं और ट्यूशन पढ़ना चाहता था, लेकिन उसके परिजन जबरदस्ती वहीं पर ट्यूशन पढ़ने के लिए भेजते थे। इसलिए वह श्वेता को मारना चाहता था। अब किशोर के खिलाफ अदालत में चार्ज फ्रेम हुए हैं।