सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लगी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सावन के दूसरे सोमवार को शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में पूजा की थाली और जल लेकर पहुंचे शिव भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल और फल अर्पित किए। इसके साथ ही शिवलिंग पर दूध, दही और जल चढ़ाकर अभिषेक किया। भक्तों ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
बांके बिहारी राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी कपिल देव भारद्वाज ने बताया कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। मंगलवार को शिवरात्रि होने के चलते मंदिर में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे से हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िये मंदिर पहुंचेंगे और शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाकर जलाभिषेक करेंगे।
शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में पूरे दिन शिव कथा और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर कथा और भजनों का आनंद लेंगे।
फरीदाबाद में सावन के दुसरे सोमवार को पूजा करने के लिए सैनिक कॉलोनी स्थित शिवालय में लाइन में
फरीदाबाद में सावन के दुसरे सोमवार को पूजा करने के लिए सैनिक कॉलोनी स्थित शिवालय में लाइन में