संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। यातायात पुलिस की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क पर वाहन पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 888 वाहनों के चालान किए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक ऊषा के निर्देशानुसार फरीदाबाद पुलिस ने शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा के बारे में लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है लेकिन कुछ वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए यातायात नियमों का पालन नहीं करते। कुछ वाहन चालक सड़क पर ही अपना वाहन खड़ा करके चले जाते हैं जिसकी वजह से सड़क दुर्घटना घटित हो जाती है, जिसमें कई व्यक्तियों की जान भी चली जाती है। सड़क पर वाहन खड़ा करने की वजह से सड़क पर दूसरे वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं बचती जिसकी वजह से जाम की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है।
फरीदाबाद पुलिस का लगातार प्रयास रहता है कि शहरवासियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाया जा सके और यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके। इसके लिए फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील कि वह सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सड़क पर यात्रा करते समय सुरक्षा यंत्रों का पूरा उपयोग करें ताकि सड़क दुर्घटना से बचाव हो सके।