- चालकों पर लगाया 21.15 लाख रुपये का जुर्माना
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर गाजियाबाद में गलत साइड में चल रही स्कूल बस और कार की टक्कर में छह लोगों की मौत के बाद फरीदाबाद पुलिस भी एक्टिव हो गई है। मंगलवार को पुलिस ने रॉन्ग लेन, रॉन्ग साइड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 1763 चालान काटे गए हैं। इसके साथ ही 21.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
यातायात पुलिस ने हाईवे पर गलत लाइन में ड्राइविंग करने वालों को लेकर अभियान की शुरुआत की है। इसके लिए एसीपी रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान के तहत गलत लाइन में वाहन चलाने वालों के चालान भी काटे गए। चालान के साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया कि अपनी लाइन में ही वाहनों को चलाएं। मंगलवार को 1763 वाहनों के चालान काटे हैं, जिसमें 313 चालान गलत साइड ड्राइविंग, 311 चालान गलत लेन के शामिल हैं। वाहन चालकों को जागरूक करते हुए पुलिस कर्मियों ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ जाती है। जिसमें कई व्यक्तियों की जान तक चली जाती है। गाजियाबाद में छह लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है। इसलिए सभी वाहन चालक अपनी दिशा और अपनी लाइन में गाड़ी चलाएं ताकि अपने साथ चलने वाले दूसरे वाहन चालकों को भी सड़क दुर्घटना से बचाया जा सके।