फरीदाबाद। सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल से परीक्षा के निरीक्षण की शुरुआत की गई, जहां एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह छात्रों की बायोमैट्रिक जांच, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों पर कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कहीं भी कोई असुविधा नहीं देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि परीक्षा सरकार का दायित्व है, न कि कोई चुनौती।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को मिली विशेष सुविधा
प्रशासन ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ग्राम सचिव व शहरी क्षेत्रों में जेई को जिम्मेदारी सौंपी, ताकि वे उन्हें घर से केंद्र तक सुरक्षित पहुंचा सकें। एक मूक अभ्यर्थी की मां ने वीडियो फीडबैक में सरकार का आभार जताया। वहीं, मूक छात्र ने साइन लैंग्वेज में धन्यवाद व्यक्त किया। अन्य कई दिव्यांग अभ्यर्थियों व उनके परिजनों ने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की।
बस छूटने पर प्रशासन बना सहारा
बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर शटल मिस होने के बाद झज्जर के एक छात्र को रोडवेज जीएम शिखा अंतिल ने अपनी गाड़ी से केंद्र तक पहुंचाया। अन्य कई स्थानों पर अधिकारी व कर्मचारियों ने छात्रों को बाइक, कार व अन्य माध्यमों से केंद्र तक छोड़ा। इस सेवा के लिए अभ्यर्थियों ने प्रशासन को अभिभावक की संज्ञा देते हुए आभार प्रकट किया।
पुलिस आयुक्त ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
फरीदाबाद। परीक्षा के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था जायजा लिया। फरीदाबाद में लाखों परीक्षार्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब तीन हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का मानव रचना शिक्षण संस्थान और मॉडर्न विद्या निकेतन जैसे प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों की निगरानी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संवाद