अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसडीएम परमजीत चहल ने रिहर्सल में अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 3 सितंबर को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सीडीएस, एनडीए व नेवल एकेडमी परीक्षा 13 सेंटरों पर आयोजित की जाएगी। इसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैदी से कार्य करें।
एसडीएम की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 लघु सचिवालय के बैठक कक्ष हॉल में रिहर्सल बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यूपीएससी की हिदायतों के अनुसार परीक्षाओं में कोताही बरतने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। परीक्षा केंद्रों में केवल ड्यूटी देने वाले अधिकारी अंदर जा सकते हैं। बता दें कि 3 सितंबर को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा फरीदाबाद में एनडीए, एनए व सीडीएस की 2023 की लिखित परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के आयोजन के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, परीक्षा की पवित्रता तथा कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिए केंद्रवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट, ट्रांजिट ऑफिसर एवं लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर की नियुक्तियां की गई हैं।