संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बृहस्पतिवार को एनआईटी पांच नंबर स्थित राजकीय वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में डॉ. दिव्या कुमार ने छात्राओं को खान-पान और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी। स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा ने डॉ. दिव्या कुमार का स्वागत किया।
सेक्टर 86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या कुमार ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चे खाने पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। ऐसे में शरीर के विकास पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से घर पर बने पौष्टिक आहार का सेवन करने और बाजार की वस्तुओं से दूरी बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि बर्गर, पिज्जा आदि के खाने से कई प्रकार की बीमारियां होने की आशंका रहती है। स्वस्थ आहार का मतलब ऐसे खाद्य पदार्थों से है, जिसमें विटामिन, कैल्शियम, प्रोटीन जैसे पोषक तत्व मौजूद हों। डॉ. दिव्या ने बताया कि स्वस्थ आहार को पांच श्रेणी में बांटा गया है, जिसमें हरी सब्जियां और फल, मीट-मछली, पोल्ट्री उत्पाद, अनाज और दूध उत्पाद जैसे–पनीर, दही आते हैं। इनके सेवन करने से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि दिमाग भी तेज होता है। जब पढ़ाई में भी मन लगेगा तो अच्छे नंबर आएंगे। डॉ. दिव्या ने छात्राओं को किशोरावस्था में आने वाले बदलावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि शरीर में कोई बदलाव आ रहा है तो अपनी मां से बातें जरूर शेयर करें। उन्होंने छात्राओं को नीट की तैयारी के बारे में भी बताया। कई छात्राओं ने डॉक्टर बनने के बारे में पूछा। डॉ. दिव्या ने छात्राओं के हर प्रश्न का जवाब दिया और कहा कि जो आज मेहनत करेगा, वह कल अच्छी जगह पर होगा। ऐसे में सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान लगाएं। इस मौके पर अस्पताल की ओर से हेमा कुमारी समेत अन्य मौजूद रहे।