आरोप है कि कंपनी ने कर्मचारियों का पीएफ का रुपया उनके वेतन से काटा लेकिन जमा नहीं कराया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली कंपनी की महिलाकर्मी के सेक्टर-37 स्थित घर पर मंगलवार को सीबीआई टीम ने रेड की। टीम ने यहां महिलाकर्मी की कंपनी से जुड़े पीएफ घोटाले से जुड़े दस्तावेज खंगाले।
आरोप है कि महिला की कंपनी ने कर्मचारियों का पीएफ का रुपया उनके वेतन से काटा लेकिन पीएफ विभाग को जमा नहीं कराया। ऐसा कर करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया। सेक्टर-11 में कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली निजी कंपनी का कार्यालय है। साल 2023 में जिला पीएफ विभाग की ओर से सीबीआई को शिकायत दी गई कि इस कंपनी ने करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा किया है। कंपनी ने कर्मचारियों के वेतन से तो पीएफ का हिस्सा काटा लेकिन विभाग को जमा नहीं कराया। ये कंपनी तिगांव निवासी सत्यप्रकाश नामक व्यक्ति की बताई गई। सीबीआई चंडीगढ़ की टीम ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इसके तहत मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे सीबीआई की छह सदस्यीय टीम सेक्टर-37 में इस कंपनी की महिलाकर्मी पूर्णिमा कूपर के घर पहुंची। आरोप है कि ये महिला ही कंपनी का सारा रिकॉर्ड संभालती है। टीम ने शाम पांच बजे तक यहां महिला से पूछताछ करने के साथ ही कंपनी से जुड़े दस्तावेज खंगाले।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सुबह लगभग आठ बजे सीबीआई टीम आई थी। सेक्टर-37 के मकान में रेड की सूचना स्थानीय पुलिस को देकर सीबीआई टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू की। शाम लगभग पांच बजे तक टीम की कार्रवाई यहां चली।